Hindi News / उत्तरप्रदेश

ऊर्जा संरक्षण की पहल: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल इस बार हेलीकॉप्टर नहीं, ट्रेन से पहुंचेंगी जौनपुर

Article Top Ad

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल 27 जुलाई को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 30वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए इस बार हेलीकॉप्टर के बजाय रेल मार्ग से जौनपुर पहुंचेंगी। ऊर्जा संरक्षण और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को ध्यान में रखते हुए उन्होंने बेगमपुरा एक्सप्रेस से यात्रा करने का निर्णय लिया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार राज्यपाल 27 जुलाई की सुबह 7:20 बजे लखनऊ से बेगमपुरा एक्सप्रेस में सवार होकर रवाना होंगी और पूर्वाह्न 10:38 बजे जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पहुंचेंगी। वहां से कड़े सुरक्षा घेरे में सड़क मार्ग से वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय पहुंचकर 30वें दीक्षांत समारोह में प्रतिभाग करेंगी।
राज्यपाल के प्रस्तावित रेल यात्रा कार्यक्रम को देखते हुए रेलवे प्रशासन तथा सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। रेलवे पुलिस मुख्यालय और पुलिस अधीक्षक रेलवे, प्रयागराज कार्यालय की ओर से कानपुर, प्रयागराज और जौनपुर की जीआरपी इकाइयों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं।
निर्देशों में रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्मों तथा रेल मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने के साथ स्थानीय पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेलवे प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
राज्यपाल के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन तथा उसके आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। जीआरपी, आरपीएफ और सिविल पुलिस संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगी, जबकि विश्वविद्यालय परिसर में भी दीक्षांत समारोह को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

Mp News Online को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google