उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के खीरी थाना क्षेत्र के पाठकपुर गांव में आवारा कुत्तों के आतंक से ग्रामीण दहशत में हैं।
पिछले करीब एक सप्ताह से पांच-छह हमलावर कुत्तों ने महिलाओं और बच्चों समेत एक दर्जन से अधिक लोगों को घायल कर दिया है। लगातार हो रहे हमलों से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को कुत्तों की घेराबंदी कर एक कुत्ते को मार डाला तथा उसे पेड़ से लटका दिया। मामले की सूचना जिला प्रशासन और पुलिस को दे दी गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि लोग घरों से निकलने से डर रहे हैं। बच्चों को बाहर खेलने नहीं भेजा जा रहा है। हमलावर कुत्तों ने कई लोगों के हाथ, पैर, चेहरा और कान पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों का प्राथमिक उपचार सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल करीब पांच लोगों को प्रयागराज के बेली अस्पताल रेफर किया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि 19 जुलाई की भोर में एक कुत्ता राघवेंद्र शुक्ला के घर में घुस गया और उन पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी पत्नी अनुराधा शुक्ला भी हमले में घायल हो गईं। इसके अलावा राघव मुरारी शुक्ला, गायत्री देवी वर्मा, इंद्रलाल कुशवाहा तथा उनकी सात वर्षीय पुत्री सहित कई अन्य लोग भी कुत्तों के हमले का शिकार हुए। इंद्रलाल की हाथ की उंगलियां गंभीर रूप से जख्मी हो गईं, जबकि राघवेंद्र शुक्ला के चेहरे और राघव मुरारी के सीने व हाथ पर गहरे घाव आए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव की मुख्य सड़क के पास स्थित गौशाला, तालाब और श्मशान क्षेत्र में मृत पशुओं को खुले में फेंक दिया जाता है। आवारा कुत्ते लंबे समय से इन पशुओं के शवों को नोच-नोचकर खाते रहे हैं, जिससे उनका व्यवहार अत्यधिक आक्रामक हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि यही कुत्ते अब लोगों पर लगातार हमले कर रहे हैं।
घटनाओं से आक्रोशित ग्रामीणों ने जिलाधिकारी, कोरांव के उपजिलाधिकारी तथा खीरी थाना पुलिस को प्रार्थना-पत्र देकर हमलावर कुत्तों को पकड़ने और मृत पशुओं के निस्तारण की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़ी जनहानि से इंकार नहीं किया जा सकता। प्रशासन ने मामले की जानकारी मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
प्रयागराज में आवारा कुत्तों का आतंक, एक सप्ताह में दर्जनभर लोगों पर हमला
Article Top Ad
Mp News Online को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google