Hindi News / उत्तर प्रदेश

सपा और कांग्रेस के खिलाफ आपत्तिजनक होर्डिंग से माहौल गरमाया

Article Top Ad

उत्तर प्रदेश के मथुरा शहर में मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के खिलाफ आपत्तिजनक एवं विवादित संदेश वाले होर्डिंग लगाए जाने से राजनीतिक माहौल गरमा गया। होर्डिंग सामने आने के बाद सपा नेताओं ने विरोध जताते हुए उन्हें फाड़ दिया। यह घटनाक्रम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस हालिया बयान के बाद सामने आया है, जिसमें उन्होंने हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़े जाने के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा था। इसी क्रम में शहर में लगाए गए होर्डिंगों में सपा और कांग्रेस पर तीखे राजनीतिक आरोप लगाए गए।
गोवर्धन चौराहे के समीप एफसीआई गोदाम के पास लगे होर्डिंगों पर पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के चित्र प्रकाशित किए गए थे। इनमें ‘सपा-कांग्रेस ने हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने का पाप किया’ तथा ‘दिल में बाबर, मुंह में राम’ जैसे नारे लिखे गए थे। साथ ही अखिलेश यादव के एक पुराने बयान तथा कुछ समाचार पत्रों एवं टीवी चैनलों की कटिंग भी प्रदर्शित की गई थीं।
होर्डिंगों में राज्यसभा सदस्य रामगोपाल यादव के एक पुराने बयान का भी उल्लेख किया गया था। इन दावों के समर्थन में समाचार पत्रों और टीवी चैनलों की कटिंग भी लगाई गई थी।
विवादित होर्डिंगों की जानकारी मिलने पर सपा नेता और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने होर्डिंगों पर चढ़कर पोस्टर फाड़ दिए और घटना का विरोध किया। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी धार्मिक ध्रुवीकरण की राजनीति कर रही है तथा अन्य मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के उद्देश्य से इस प्रकार की गतिविधियां कराई जा रही हैं।

Mp News Online को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google